CB Login

CB Online

None

CB Workflows

बिहार में चल रही विकास की सुखद बयार: कुशवाहा PDF Print E-mail
Written by Administrator   
Friday, 26 February 2010 19:24
There are no translations available.

बांका। जदयू के प्रांतीय नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अथक प्रयास से आज पूरे सूबे में विकास की सुखद बयार बह रही है। लोगों की मौलिक समस्याओं का समाधान हुआ है और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। अमन कायम हुआ है और सूबे की छवि बदली है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अफसरशाही व भ्रष्टाचार के चलते लोगों को परेशानी हुई परंतु इसका निदान भी मुख्यमंत्री ने कर दिया है। अब घूसखोर अधिकारियों की भी यहां खैर नहीं है और उनकी सम्पत्ति भी जब्त करने की कार्रवाई शुरु हो चुकी है। इतना ही नहीं जनता के पैसे से अट्टालिका बनाने वालों का भवन अब सार्वजनिक प्रयोग में लाये जाएंगे।

श्री कुशवाहा बुधवार को शहीद मैदान बेलहर में आयोजित अमर शहीद जगदेव जयंती समारोह के साथ-साथ सुल्तानपुर मोड़ के समीप चांदन-अंधरी नदी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित किसान-मजदूर होली मिलन समारोह में बोल रहे थे। बेलहर में शैलेश कुमार मंटू की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शहीद जगदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वक्ताओं ने उनके विचारों पर अमल की जरुरत जतायी। यहां अपने संबोधन के दौरान श्री कुशवाहा ने बिहार के साथ केन्द्र सरकार पर सौतैला व्यवहार का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र के चलते बिहार में विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है। समारोह को जदयू विधायक जनार्दन मांझी, जिलाध्यक्ष रवि सिंह, पूर्व विधायक चतुर्भज मंडल, राजहंस पंडित, नंद किशोर पंडित, मनोज आजाद, मनोज यादव, कृष्णानंद भगत, परमानंद पंडित, विनोद चन्द्रवंशी, गुल्टेन यादव, राजीव कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

इधर सुल्तानगंज मोड़ पर समिति के संयोजक सह मुखिया राजीव भगत ने माल्यार्पण कर श्री कुशवाहा का स्वागत किया। श्री भगत की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का संचालन उज्जवल कुमार उजियाला ने किया। रुपा चौहान के गान से क्षणभर के लिए होली की समां सी बंध गयी। अपने संबोधन में श्री कुशवाहा ने जहां नीतीश सरकार की तारीफ की वहीं केन्द्र सरकार की जमकर आलोचना की। इस मौके पर जहां गीत-संगीत का लंबा दौर चला वहीं मुखिया श्री भगत द्वारा दर्जनों किसानों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर हिमांशु पटेल, अरुण कुशवाहा, मुखिया शिव मंडल, सविता झा, भूषण साह, मो. हसनैन, आलोक चौधरी, मुनिलाल मंडल, शंभु प्रसाद दास सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

 

Comments (0)
Only registered users can write comments!